सामूहिक विवाह की सफलता पर सम्मान समारोह, समाजसेवा और समरसता का संदेश

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
शहर के श्री निंबार्क पारमार्थिक सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित प्रथम सामूहिक सकल हिंदू समाज विवाह महोत्सव की सफलता के बाद एक गरिमापूर्ण सम्मान समारोह आयोजित किया गया। परम पूज्य महंत मोहन शरण शास्त्री महाराज के सानिध्य में हुए इस आयोजन ने सामाजिक समरसता, एकता और सेवा की भावना को नई मजबूती दी।
समारोह की शुरुआत भगवान गणेश की विदाई यात्रा से हुई, जो निंबार्क आश्रम से भजन-कीर्तन के साथ गांधी नगर स्थित गणेश मंदिर तक श्रद्धा और भक्ति के माहौल में निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा आयोजन में सहयोग देने वाले भामाशाहों, कार्यकर्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा गया। ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी दिलीप सोनी ने बताया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सेवा संस्कारों को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम बना है।
समारोह में सामाजिक सहभागिता और जनसेवा की भावना को केंद्र में रखते हुए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।